news-details

डीसीएम की टक्कर से महिला की मौत, पति-बेटी घायल

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Farukhabad

इटावा-बरेली हाईवे पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और बेटी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के मऊ गांव निवासी इंतजार अपनी 35 वर्षीय पत्नी रिजवाना और 18 वर्षीय बेटी मुस्कान के साथ बाइक से फर्रुखाबाद शहर आए थे। उनकी बेटी मुस्कान का इलाज शहर के एक नर्सिंग होम में चल रहा है। गुरुवार सुबह वे उसे दवा दिलाने आए थे और उपचार के बाद वापस घर लौट रहे थे।

इसी दौरान इटावा-बरेली हाईवे पर पांचाल घाट पुल और मसेनी चौराहा के बीच तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में रिजवाना के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पति और बेटी भी घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को तत्काल लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रिजवाना को मृत घोषित कर दिया। इंतजार और मुस्कान का इलाज जारी है।

हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डीसीएम चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा।