
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को धरातल पर उतारने की दिशा में कुशीनगर जनपद में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में पूर्व प्राथमिक शिक्षा के लिए ई.सी.सी. (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका परिषद कसया की अध्यक्ष श्रीमती किरण जायसवाल के प्रतिनिधि राकेश जायसवाल तथा डायट प्राचार्य एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुशीनगर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कार्यक्रम अधिकारी ए.के. दुबे एवं सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी नागेंद्र मणि उपस्थित रहे। वहीं जिला पंचायत सदस्य दीपक द्विवेदी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।यह ई.सी.सी. रिसोर्स सेंटर 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को आधुनिक और व्यवहारिक स्वरूप देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। सेंटर में एक आदर्श बालवाटिका मॉडल प्रदर्शित किया गया है, जिसमें ‘बाला फीचर्स’, बच्चों के लिए लर्निंग कॉर्नर, शैक्षणिक सामग्री, टीएलएम, वंडर बॉक्स सहित कई आकर्षक शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। बच्चों को डिजिटल माध्यम से सीखने के लिए यहां इंटरएक्टिव पैनल भी स्थापित किया गया है।डायट प्रशासन के अनुसार, इस केंद्र का संचालन तीन सदस्यीय समिति के माध्यम से किया जाएगा। इसके जरिए जनपद की समस्त बालवाटिकाओं से जुड़े ई.सी.सी. एजुकेटर, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं अन्य हितधारकों को प्रशिक्षण और अभिमुखीकरण प्रदान किया जाएगा। साथ ही जनपद में बालवाटिका संचालन की स्थिति, नवाचार और बेस्ट प्रैक्टिसेस का संकलन एवं समीक्षा भी इसी केंद्र से की जाएगी।कार्यक्रम में जिला समन्वयक प्रशिक्षण ऋषभ कुमार, जिला समन्वयक निपुण मदुरेन्द्र कुमार शुक्ला, डायट मेंटर डॉ. कमलेश कुमार, नोडल एसआरजी राम प्रकाश पाण्डेय, प्रवक्ता धनंजय चतुर्वेदी, शिवनाथ चक्रवर्ती, मुकेश कुमार, अखलाक अहमद, चन्द्रशेखर कुमार सहित विभिन्न ब्लॉकों के एआरपी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र पाण्डेय ने किया।