
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर स्थित नेशनल शुगर इंस्टीट्यूट (एनएसआई) परिसर में बिना अनुमति बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में परिसर में पेड़ कटने के निशान मिले हैं, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एनएसआई परिसर में करीब 700 पेड़ों की कटाई किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान टीम को कई स्थानों पर कटे हुए पेड़ों के अवशेष और कटाई के निशान मिले हैं। आरोप है कि पेड़ों की कटाई के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी।रेंजर राजेश पांडेय ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। टीम परिसर में जाकर पेड़ों की संख्या और उनकी प्रजातियों का सत्यापन करेगी। यदि जांच में अनियमितता और नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।वहीं, एनएसआई प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं दिया गया है। हालांकि कुछ अधिकारियों का कहना है कि हाल में आए आंधी-तूफान के दौरान कई पेड़ क्षतिग्रस्त हो गए थे। लेकिन बड़ी संख्या में कटे पेड़ों के निशान मिलने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।सूत्रों के मुताबिक, मामले की शिकायत उच्च स्तर तक पहुंच चुकी है और संबंधित विभागों द्वारा भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही प्रकरण की शिकायत राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में किए जाने की भी चर्चा है। अब वन विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।