
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मोहनलालगंज (लखनऊ)। नगर पंचायत मोहनलालगंज में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आवास तक जाने वाला मुख्य मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के साथ टूटी और जाम नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।यह मार्ग प्रतिदिन एसडीएम पवन पटेल सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद सड़क और नाली व्यवस्था को सुधारने के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब जलभराव के कारण लोगों को निकलने में परेशानी होती है और दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है।मार्ग पर बैंक, सिग्मा हॉस्पिटल, सरकारी कार्यालय और कई आवासीय क्षेत्र स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों का प्रतिदिन आना-जाना रहता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार नगर पंचायत अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक केवल आश्वासन ही मिला है।एसडीएम आवास के पास एसीपी आवास के बाहर भी अव्यवस्था बनी हुई है। सड़क किनारे अवैध पार्किंग के कारण रास्ता संकरा हो गया है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।एसडीएम मोहनलालगंज पवन पटेल ने बताया कि सड़क और नाली की समस्या उनके संज्ञान में है। जल्द ही मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। अब लोगों को प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।