
पारदर्शी विकास ब्यूरो / फाजिलनगर, कुशीनगर।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत गुरुवार को पावानगर महावीर इंटर कॉलेज, फाजिलनगर परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल कैरियर सेंटर कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में 16 निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। रोजगार पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे 398 युवक-युवतियों में से साक्षात्कार के आधार पर 189 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए प्रारंभिक चयन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत फाजिलनगर की अध्यक्ष सुनीता शाही एवं सांसद, देवरिया के प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कंपनियों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर रोजगार के उपलब्ध अवसरों की जानकारी ली। मेले में अडानी सोलर पावर, चेकमेट सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड, एलएंडटी फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, सैमसंग, वीवो, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और अमेजन समेत कुल 16 कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सेल्स एग्जीक्यूटिव, ब्लॉक ऑफिसर, फील्ड ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, लोन ऑफिसर, डिलीवरी बॉय और ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 398 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 189 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार से जोड़ना है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रधान संघ राजेश राय, सभासद धीरज वर्मा, युवा मोर्चा के उज्ज्वल तिवारी, वरिष्ठ छात्र नेता डीडीयू गोरखपुर मनोज चौबे, पूर्व व्यापार मंडल फाजिलनगर के मनोज श्रीवास्तव, जिला शोध प्रमुख रामाधार तिवारी और कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. ए.बी. पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन मन्नंजय तिवारी ने किया। इस दौरान अपर सांख्यिकीय अधिकारी अरविंद कुमार यादव, अभय श्रीवास्तव, विनय पाण्डेय, अभिषेक मिश्रा, जितेंद्र जायसवाल, प्रशांत कुमार सिंह सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।