
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने फिटनेस समाप्त स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शासन के निर्देश पर चल रहे मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 अभियान के तहत जनपद में फिटनेस की वैधता समाप्त 141 स्कूली वाहन चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 35 वाहनों का पंजीयन निलंबित तथा 20 वाहनों को ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जनपद कुशीनगर में कुल 1672 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। वाहन 4.0 पोर्टल पर जांच के दौरान 141 वाहनों की फिटनेस वैधता समाप्त मिली। इन वाहनों की फिटनेस कराने के लिए संबंधित विद्यालय प्रबंधकों को दूरभाष और नोटिस के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। साथ ही विभागीय टीम गठित कर वाहनों का स्थलीय एवं भौतिक निरीक्षण भी कराया जा रहा है।उन्होंने स्पष्ट किया कि फिटनेस फेल अथवा फिटनेस की वैधता समाप्त स्कूली वाहनों से बच्चों का परिवहन किसी भी स्थिति में नहीं किया जा सकता। यदि कोई विद्यालय प्रबंधन ऐसे वाहनों का संचालन कर बच्चों को परिवहन कराता पाया गया तो उसके खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।परिवहन विभाग की ओर से संबंधित विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच कराकर वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि पूर्व में भी फिटनेस समाप्त वाहनों के संबंध में नोटिस जारी किए जा चुके हैं, इसके बावजूद कुछ विद्यालय प्रबंधन इस मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।एआरटीओ ने चेतावनी दी कि पंजीयन निलंबित किए गए अनफिट वाहनों की निर्धारित समयावधि में फिटनेस नहीं कराई गई तो उनके पंजीयन प्रमाण-पत्र निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी तय होगी।अभिभावकों से भी अपील की गई है कि बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहनों की फिटनेस और वैध दस्तावेजों की स्थिति अवश्य जांचें। फिटनेस समाप्त वाहन से बच्चों का परिवहन न होने दें।