news-details

फर्जी मैट्रिमोनियल साइट बनाकर करोड़ों की ठगी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में मैट्रिमोनियल वेबसाइट की आड़ में देशभर के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने कॉल सेंटर संचालित करने वाली एक युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह अब तक 10 से 15 हजार से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुका है।डीसीपी वेस्ट एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि एनसीआरपी पोर्टल से मिली सूचना के आधार पर आवास विकास, कैलाश विहार स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी की गई। यहां "Online Match Point" नाम से फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था।पुलिस ने मौके से कल्याणपुर निवासी अनुराधा त्रिवेदी, बर्रा निवासी विक्रम खूटे और प्रियंका को गिरफ्तार किया। कॉल सेंटर में कार्यरत 15 युवतियों से भी पूछताछ की गई। जांच में पता चला कि गिरोह शादी के इच्छुक लोगों का डाटा जुटाकर उन्हें फोन करता था और उनकी पसंद के अनुसार एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार की गई आकर्षक युवतियों की तस्वीरें भेजता था।इसके बाद रजिस्ट्रेशन, प्रोफाइल सत्यापन, फोन पर बातचीत और मुलाकात कराने के नाम पर अलग-अलग शुल्क वसूला जाता था। जिन युवतियों से पीड़ितों की बातचीत कराई जाती थी, वे वास्तव में कॉल सेंटर की कर्मचारी होती थीं, जो दुल्हन बनकर मीठी-मीठी बातें करतीं और शादी का भरोसा दिलाकर लोगों से पैसे ऐंठती थीं।पुलिस के अनुसार, गिरोह विशेष रूप से अविवाहित और अधेड़ उम्र के लोगों को निशाना बनाता था। यह फर्जी कॉल सेंटर करीब डेढ़ वर्ष से संचालित हो रहा था और प्रतिदिन सैकड़ों लोगों से संपर्क कर लाखों रुपये की ठगी की जाती थी।प्राथमिक जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन की आशंका जताई गई है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि ठगी की वास्तविक रकम और पीड़ितों की संख्या का पता लगाया जा सके।गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।