news-details

गो-आश्रय केंद्र का वायरल वीडियो बना चर्चा का विषय

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। खड्डा तहसील क्षेत्र के कोपजंगल स्थित वृहद गो-आश्रय केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 20 सेकंड के इस वीडियो में एक मृत गोवंश का शव खुले स्थान पर पड़ा दिखाई दे रहा है, जिसे कई कौवे नोचते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पशु संरक्षण और गो-आश्रय केंद्रों में व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।वायरल वीडियो के साथ यह दावा किया जा रहा है कि आश्रय केंद्र में बीमारी के कारण एक गोवंश की मृत्यु हो गई थी, लेकिन उसके शव का समय पर निस्तारण नहीं किया गया। इसी कारण शव खुले में पड़ा रहा और कौवे उसे नोचते रहे। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।कोपजंगल स्थित वृहद गो-आश्रय केंद्र में बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंशों को रखा जाता है। उनकी देखभाल, चिकित्सा और सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित विभागों एवं संचालित संस्था पर है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने आश्रय केंद्र की निगरानी व्यवस्था तथा पशुओं की देखरेख पर सवाल उठाए हैं।खंड विकास अधिकारी खड्डा अनिल कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलने के बाद गो-आश्रय केंद्र का निरीक्षण कराया गया। जांच के दौरान हाल के दिनों में किसी पशु की मृत्यु की जानकारी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो पुराना भी हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अश्वनी सिंह ने बताया कि 21 मई को एक बीमार गाय की मृत्यु हुई थी, जिसका नियमानुसार निस्तारण कर शव को दफना दिया गया था। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई गई घटना की विभाग को जानकारी नहीं है और प्रथम दृष्टया वीडियो पुराना अथवा किसी अन्य स्थान का प्रतीत होता है।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो वास्तव में कोपजंगल गो-आश्रय केंद्र का है या नहीं। इस बीच, घटना ने जिले के गो-आश्रय केंद्रों में पशुओं की देखभाल, निगरानी व्यवस्था और मृत पशुओं के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर नई बहस छेड़ दी है।