
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले के नंदनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-17 ओपन नेशनल रैंकिंग कुश्ती चैंपियनशिप के दूसरे दिन रविवार को ग्रीको रोमन कुश्ती मुकाबलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 600 से अधिक पहलवान 10 अलग-अलग वजन वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं।इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हरियाणा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी सबसे अधिक संख्या में शामिल हैं, जिनमें हरियाणा के पहलवानों की भागीदारी सर्वाधिक बताई गई है। सुबह सभी खिलाड़ियों का वजन परीक्षण किया गया, जिसके बाद तय मानकों पर खरा उतरने वाले खिलाड़ियों को ही मैट पर उतरने की अनुमति दी गई।कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह और महासचिव व ओलंपियन पहलवान जयप्रकाश ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया।भारतीय कुश्ती संघ के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य देशभर से युवा प्रतिभाओं को एक मंच देना है ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकें। अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम में खिलाड़ियों के रहने, खाने और अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई है।प्रतियोगिता का समापन 8 जून को देर रात होगा। अंतिम दिन महिला कुश्ती मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिसमें 1000 से अधिक महिला पहलवानों के भाग लेने की संभावना है। आयोजकों का कहना है कि हरियाणा, महाराष्ट्र और यूपी के खिलाड़ी मजबूत प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन हरियाणा के पहलवानों का प्रदर्शन अब तक सबसे प्रभावशाली रहा है।