
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा में रविवार को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। बढ़ते लोड के कारण विद्युत उपकेंद्रों पर लगे ट्रांसफार्मर लगातार गर्म होकर बंद हो रहे हैं, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। बिजली सप्लाई सुचारु बनाए रखने के लिए विभाग द्वारा ट्रांसफार्मरों को पंखे लगाकर और पानी डालकर ठंडा किया जा रहा है। अंबेडकर चौराहे स्थित 33/11 विद्युत उपकेंद्र पर किराए के पंखों और मोटर पंप की मदद से पाइप के जरिए ट्रांसफार्मर पर पानी डाला जा रहा है। देवीपाटन मंडल में गर्मी के चलते रोजाना करीब 810 मेगावाट बिजली की खपत दर्ज की जा रही है। अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार यादव ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार ओवरहीट हो रहे हैं, जिन्हें ठंडा करने के लिए कूलर और पंखों का उपयोग किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जिला प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। वहीं बिजली विभाग ने भी लोगों से जरूरत के अनुसार ही बिजली उपयोग करने की अपील की है, ताकि अघोषित कटौती की स्थिति से बचा जा सके।