
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा। रेलवे यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले दो अंतर्जनपदीय आरोपियों को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान देवरिया निवासी अरविंद कुमार और उन्नाव निवासी हिमांशु यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 1400 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी चलती ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन को कम कीमत पर बेचकर वे अपनी आर्थिक जरूरतें पूरी करते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी केवल गोंडा ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी इसी प्रकार की घटनाओं में शामिल रहे हैं।आरपीएफ के मुताबिक आरोपी हिमांशु यादव के खिलाफ लखनऊ के पीजीआई थाने में पहले से एक मुकदमा दर्ज है। हाल के दिनों में गोंडा रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में गोंडा आरपीएफ और जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।गोंडा आरपीएफ प्रभारी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि आरोपी बाहरी जनपदों से आकर गोंडा में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और वारदात के बाद फरार हो जाते थे। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे गिरोह और अन्य संभावित घटनाओं की भी जांच कर रही है।रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखें। विशेष रूप से प्लेटफॉर्म पर आराम या सोते समय मोबाइल फोन को सुरक्षित स्थान पर रखें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को दें।