
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। अखंडनगर पुलिस ने गोकशी के एक फरार आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बलेनो कार, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोकशी का वांछित आरोपी मोहम्मद आसिफ बलेनो कार से क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे पकड़कर सीएचसी अखंडनगर में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जौनपुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के घोषपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ गोकशी समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना जयसिंहपुर क्षेत्र में हुई एक गोकशी की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी।मामले की जानकारी वृजनारायण सिंह ने दी।