
पारदर्शी विकास न्यूज़ गोवर्धन (मथुरा)। ब्रजभूमि को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को अक्षय पात्र फाउंडेशन और नवीन पूनिया द्वारा गठित जन उदय विजन फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाया। गोविंद कुंड स्थित मनोहर बाबा की गौशाला से जतीपुरा तक गिरिराज तलहटी में सफाई की गई।भारतीय राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम के कोच नवीन पूनिया ने कहा कि ब्रज को स्वच्छ रखना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। ब्रजभूमि की पवित्रता, धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आगे आना चाहिए।अभियान के दौरान कर्मचारियों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने जगह-जगह बिखरे प्लास्टिक व अन्य कचरे को एकत्र किया। कचरे को गार्बेज बैग में भरकर ट्रैक्टर से बाहर पहुंचाया गया। अक्षय पात्र फाउंडेशन के अनंत प्रभु ने युवाओं से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने नशे से दूर रहकर स्वस्थ और अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश भी दिया।नवीन पूनिया ने सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने और प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग रोकने पर जोर दिया। अभियान में अक्षय पात्र फाउंडेशन के राजीव रावत, अमित झा, जितेंद्र शर्मा, विष्णु शर्मा, आकांक्षा, मनीष तथा जन उदय विजन फाउंडेशन के कुंज बिहारी पांडे सहित अन्य सेवकों ने सहभागिता की।