
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने गुरुवार को वृहद गो संरक्षण केंद्र रोहसी बुजुर्ग और कान्हा गौशाला चौहनापुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंशों की स्थिति, चारा-पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और अभिलेखों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीके शुक्ला ने बताया कि रोहसी बुजुर्ग में 410 और चौहनापुर में 158 गोवंश संरक्षित हैं। डीएम ने हरा चारा, भूसा, पशु आहार और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बीमार गोवंशों के लिए अलग स्थान चिन्हित कर नियमित उपचार और निगरानी के निर्देश दिए। मृत गोवंशों के व्यवस्थित निस्तारण के लिए भी अलग भूमि चिन्हित करने को कहा।डीएम ने केयरटेकरों की उपस्थिति और मानदेय भुगतान की समीक्षा की। उन्होंने स्टॉक पंजिका सहित सभी अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। रोहसी बुजुर्ग गो संरक्षण केंद्र को मॉडल गौशाला के रूप में विकसित करने के लिए ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को कार्ययोजना तैयार करने को कहा।वर्षा ऋतु को देखते हुए गौशालाओं में विशेष साफ-सफाई, जलभराव रोकने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी, नगर पालिका अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।