
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर को जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में समारोह मनाया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता और जनजागरूकता पर विशेष जोर रहेगा। समारोह के तहत सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सुबह 9 बजे सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, संघर्ष, सत्य, अहिंसा, स्वदेशी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला जाएगा।सुबह 7 बजे जिला खेल कार्यालय स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रॉस-कंट्री प्रतियोगिता आयोजित होगी। विद्यालयों और महाविद्यालयों में गांधी जी के विचारों पर भाषण, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं के साथ गोष्ठियां भी होंगी।ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही नशामुक्ति, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा, ग्राम स्वराज और आत्मनिर्भरता के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और गांधी जी के आदर्शों पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यक्रम प्रभावी ढंग से आयोजित करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।