news-details

गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर बड़ा हादसा टला, हाईटेंशन लाइन से पेड़ में लगी आग

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS गोवर्धन क्षेत्र में पुरुषोत्तम मास के दौरान 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सौंख–मथुरा रोड स्थित नगला टोंटा के पास एक पेड़ हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें अचानक भीषण आग लग गई।परिक्रमा मार्ग के किनारे पेड़ में आग की तेज लपटें उठती देख श्रद्धालुओं और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर कुछ देर के लिए भय और हड़कंप का माहौल बन गया। गनीमत रही कि आग मुख्य मार्ग तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड और विद्युत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग ने तत्काल क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद क्रेन और कटर की मदद से उस पेड़ को हटाया गया जो मार्ग और बिजली लाइन के बीच बाधा बन गया था। कार्रवाई पूरी होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई थी। यदि आग फैल जाती या पेड़ का कोई हिस्सा गिर जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी जनहानि टल गई।फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और परिक्रमा यात्रा सुचारु रूप से जारी है।