
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुमेरपुर-हमीरपुर। मंगलवार शाम करीब 5 बजे हाईवे में लीना नाला के समीप पड़ी मिली महिला के शव की शिनाख्त घटना के 24 घंटे बाद भी नहीं हो सकी है। पुलिस लगातार जांच में जुटी है और हाईवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।मंगलवार को शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देर रात तक घटनास्थल के आसपास ढाबों व अन्य स्थानों पर पूछताछ की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। रात करीब 8 बजे पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे थे और घटना के खुलासे के लिए आवश्यक निर्देश दिए थे।पुलिस ने कस्बे से लेकर इंगोहटा तक हाईवे किनारे स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, मगर कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा। आशंका जताई जा रही है कि महिला मौदहा क्षेत्र की हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीओ मौदहा व कोतवाल मौदहा को भी मौके पर बुलाया गया था।फैक्ट्री एरिया चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह ने बताया कि महिला की शिनाख्त के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और विभिन्न टीमों को लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया है।