news-details

होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू, 11 हजार अभ्यर्थी शामिल

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Hamirpur

 होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा शनिवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शुरू हो गई। जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल तक दो-दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। कुल छह पालियों में होने वाली इस परीक्षा में करीब 11 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

प्रत्येक पाली में 1824 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुछेछा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्री विद्यामंदिर इंटर कॉलेज और श्री राजाराम इंटर कॉलेज झलोखर को केंद्र बनाया गया है। सुबह से ही केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ देखी गई और प्रवेश से पहले उनकी सघन जांच की गई।

नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि उप जिलाधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने रैन बसेरों में ठहरने, साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी कराई है। इससे बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को राहत मिली है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के बीच पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।