
PARDARSHI VIKASH NEWS ईरान जंग के बीच होर्मुज स्ट्रेट में गुजरात का एक और मालवाहक जहाज डूब गया। ‘हाजी अली’ नाम का जहाज 13 मई की सुबह ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी उससे किसी ड्रोन या मिसाइल जैसे हथियार के टकराने की आशंका जताई गई। टक्कर के बाद जहाज में आग लग गई, हालांकि ओमान कोस्टगार्ड ने सभी 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया। द्वारका निवासी जहाज मालिक सुलतान अहमद अंसार के मुताबिक MSV हाजी अली बेरबेरा पोर्ट से शारजाह जा रहा था और सुबह करीब 3:30 बजे हादसे का शिकार हुआ। क्रू मेंबर्स ने विस्फोट जैसी आवाज सुनने के बाद लाइफ बोट के जरिए जहाज छोड़ दिया। इससे पहले 7 मई को गुजरात का MSV AL फैज नूरे सुलेमानी-I भी होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका और ईरान की नेवी के बीच फायरिंग की चपेट में आ चुका है। लगातार दूसरी घटना के बाद समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।ईरान और इजराइल के बीच जारी संघर्ष का असर अब वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा सप्लाई पर भी दिखने लगा है। दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल सप्लाई होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरती है, इसलिए इस क्षेत्र में तनाव बढ़ने से कई देशों की चिंता बढ़ गई है। भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने BRICS देशों की बैठक में होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षित आवाजाही की जरूरत पर जोर दिया। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। दूसरी तरफ ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इजराइल के साथ मिलकर साजिश करने वालों को जवाब देने की चेतावनी दी। तनाव के बीच भारत आ रहा LPG टैंकर MV सनशाइन सुरक्षित तरीके से होर्मुज स्ट्रेट पार कर रहा है, जिसकी निगरानी भारतीय नौसेना कर रही है। इसी बीच ईरान में सरकार समर्थक रैलियों के दौरान शाहेद ड्रोन की सड़कों पर परेड भी निकाली गई।