
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ स्थित एक होटल में शादी समारोह में शामिल होने आए परिवार के करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने के गहने चोरी हो गए। पुलिस जांच में होटल का सुरक्षाकर्मी ही चोरी का आरोपी निकला। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी हुए चार सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी टॉप्स बरामद कर लिए। आरोपी को मंगलवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया।जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय के अनुसार, गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक निवासी शाहरुख खान सोमवार को परिवार के साथ डिफेंस कॉलोनी में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार होटल लौट आया। सामान की जांच करने पर शाहरुख की बहन और पत्नी के चार सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी टॉप्स गायब मिले। काफी तलाश के बाद भी गहने नहीं मिले तो थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।पुलिस ने होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक सुरक्षाकर्मी सामान के आसपास संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दिया। फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।आरोपी की पहचान सजेती थाना क्षेत्र के कोठरा गांव निवासी 37 वर्षीय जगराम सिंह के रूप में हुई। पूछताछ में उसने रुपयों की जरूरत होने पर चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर सभी गहने बरामद कर लिए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।