
PARDARSHI VIKASH NEWS हमीरपुर से गुजरने वाले कानपुर-सागर नेशनल हाईवे-34 पर बुधवार तड़के फैक्ट्री एरिया पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार डंपर और अमूल दूध वाहन की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ, जब महोबा से कानपुर जा रहा गिट्टी लदा डंपर और कानपुर देहात के माती से महोबा जा रहा अमूल वाहन ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुग्ध वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक 35 वर्षीय अनिल कुमार निवासी भोगनीपुर, अकबरपुर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्रेन और हाइड्रा की मदद से वाहनों को हटवाकर खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।