
Pardarshi Vikas News Prayagraj
नैनी के देवरख क्षेत्र स्थित गंगा तट पर 21 अप्रैल से शुरू होने जा रही राष्ट्र हनुमंत कथा से पहले सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान से शुरू हुई यात्रा रामबाग नवग्रह मंदिर तक पहुंची। इसमें हजारों महिलाओं ने पीले वस्त्र पहनकर सिर पर कलश रख भागीदारी की, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा में मुंबई से आए ढोल-ताशा दल, घोड़े और धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। तपती धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में लोग यात्रा के स्वागत के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। कई थानों की पुलिस फोर्स, यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मार्ग पर तैनात रहे। इसके बावजूद भारी भीड़ के कारण कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही और यातायात प्रभावित हुआ।
शोभायात्रा में टीवी धारावाहिक रामायण के कलाकार अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी भी शामिल हुए। उनके पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह और बढ़ गया। कलाकारों ने लोगों से कथा का आनंद लेने और धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की।
प्रयाग उत्थान समिति के अध्यक्ष डॉ. उदय प्रताप सिंह ने बताया कि 21 से 23 अप्रैल तक आयोजित राष्ट्र हनुमंत कथा में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा वाचन करेंगे। आयोजन में पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। कथा स्थल पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।