
तनिश सिंह
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव/असोहा। थाना क्षेत्र में हरे महुआ के पेड़ों की बड़े पैमाने पर कटान का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले दो दिनों से लगातार पेड़ों पर आरा चलाया जा रहा है। उनका दावा है कि इस दौरान 70 से अधिक हरे महुआ के पेड़ काटे जा चुके हैं। आरोप है कि कटान के बाद जेसीबी की मदद से पेड़ों की जड़ और ठूंठ तक उखाड़ दिए गए, ताकि मौके पर कटान के निशान कम से कम दिखाई दें।ग्रामीणों ने बताया कि एक ओर सरकार ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटान जारी है। ग्रामीणों ने इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों के काटे जाने के बावजूद संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने, पेड़ों की कटान की अनुमति की जांच करने और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कटान अवैध पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल मामले में संबंधित विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।