
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।विकास भवन सभागार गौरीगंज में सोमवार को दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और व्यापारियों ने देखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगर अध्यक्ष अमेठी चन्द्रमा देवी, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह एवं उपायुक्त उद्योग ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण और आर्थिक विकास में व्यापारियों की भूमिका पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी वर्ग केवल कारोबार ही नहीं करता, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। दानवीर भामाशाह के त्याग और राष्ट्रप्रेम को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार गुप्ता ने अतिथियों एवं व्यापारियों का स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर योगदान देने वाले 10 उत्कृष्ट करदाताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।