
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। हरसहाय कॉलेज के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत कॉलेज परिसर से रामबाग चौराहे तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।तिरंगा यात्रा का नेतृत्व कॉलेज के वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ सक्रिय सदस्य डॉ. सुशील श्रीवास्तव ने किया। उनके नेतृत्व में शिक्षक और छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। रास्ते भर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण देशभक्तिमय बना रहा।यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने तिरंगे के सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। कॉलेज से शुरू हुई यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए रामबाग चौराहे तक पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।डॉ. सुशील श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा केवल देश का प्रतीक नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की एकता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए। यात्रा में कॉलेज के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।