
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर. के कसया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा मैनपुर के दीनापट्टी गांव स्थित आरएम मार्का ईंट भट्ठे पर शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार भट्ठे पर छत्तीसगढ़ से आए मजदूर परिवार काम करते हैं। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे मजदूर अपने काम में व्यस्त थे, जबकि उनके बच्चे पास में खेल रहे थे। खेलते-खेलते अभय (3) पुत्र पंचु निवासी फरहदा बिलासपुर, अनन्या (7) पुत्री लखन निवासी अकलतारा जांजगीर-चांपा और अनुष्का (2) पुत्री सुखन निवासी फरहदा बिलासपुर ईंट बनाने के लिए खोदी गई मिट्टी से बने गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए। गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था।बताया जा रहा है कि खेलते समय चार बच्चे अचानक पानी में गिर गए। इनमें से एक बच्ची किसी तरह बाहर निकल आई और रोते हुए परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीएम वैभव मिश्रा, एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, तहसीलदार धर्मवीर सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से मुलाकात की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस हादसे ने एक बार फिर ईंट भट्ठों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मिट्टी खनन से बने गहरे गड्ढों को न तो भरा गया था और न ही उनके चारों ओर किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और भट्ठों पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।