
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर मेट्रो के पहले कॉरिडोर (IIT से नौबस्ता) का संचालन जल्द शुरू होने की उम्मीद है। हाल ही में यूपी मेट्रो ने सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता के बीच 8 किलोमीटर लंबे नए ट्रैक पर हाई-स्पीड ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा किया। इस दौरान मेट्रो को 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया।मेट्रो अधिकारियों के अनुसार यह पूरा सेक्शन अत्याधुनिक CBTC (Communication Based Train Control) तकनीक पर आधारित है, जिसे फ्रांस की कंपनी एल्स्टॉम ने विकसित किया है। ट्रायल में ब्रेकिंग सिस्टम, सिग्नलिंग और अंडरग्राउंड से एलिवेटेड ट्रैक पर संचालन की बारीक जांच की गई।इस रूट के शुरू होने के बाद सेंट्रल से नौबस्ता की दूरी मात्र 13 मिनट में तय की जा सकेगी, जबकि अभी सड़क मार्ग से इसमें 40 से 50 मिनट लगते हैं। यात्रियों के लिए किराया लगभग 60 रुपये निर्धारित किया गया है।कॉरिडोर की कुल लंबाई 23.78 किलोमीटर है और इसमें कुल 21 स्टेशन शामिल हैं। नए सेक्शन में 7 स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें 2 अंडरग्राउंड और 5 एलिवेटेड स्टेशन हैं।मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (CMRS) की जांच के बाद जून के अंत तक इस रूट पर यात्री सेवाएं शुरू होने की संभावना है।