
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में 20 जून को रेलवे रोड पर हुए जानलेवा हमले और फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी हर्ष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड की है, जहां 20 जून की रात पल्ला जटवारा निवासी उत्कर्ष मिश्रा पर कुछ लोगों ने हमला कर मारपीट की थी। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया था, लेकिन उसके परिजनों ने रेलवे रोड चौकी के तत्कालीन प्रभारी से धक्का-मुक्की कर उसे छुड़ा लिया था।उत्कर्ष मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने डेरी वाले परिवार के पांच आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच के दौरान शुक्रवार को पुलिस ने बागकूंचा निवासी हर्ष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि मामले में पहले भी एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।