
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। पुलिस ने गोसाईंगंज क्षेत्र में ज्वैलर्स को गोली मारकर आभूषण लूटने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूटा गया सोने-चांदी का सामान बरामद हुआ है, जबकि वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि 23 जून की रात अमेठी निवासी ज्वैलर्स सचिन कुमार वर्मा अपनी दुकान और भाई की दुकान के आभूषण बैग में रखकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। बंगला भवानी मंदिर के पास तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी और आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस और सर्विलांस टीम ने करीब 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान दहेरामऊ अंडरपास के पास से जौनपुर निवासी शिवम यादव उर्फ कुंदन और अंकुल यादव उर्फ गोले को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से लूटे गए जेवर बरामद हुए हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले ज्वैलर्स की रेकी करते थे और चोरी की बाइक से वारदात को अंजाम देते थे। विरोध होने पर गोली मारकर लूट करते थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने रायबरेली और चंदौली में भी इसी तरह की वारदातें कबूल की हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी सोनू यादव की तलाश जारी है।