
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र के कुबेरपुर चौराहे पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी टाटा पंच कार को टक्कर मार दी। हादसा छलेसर पुलिस चौकी के पास करीब 11:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि कार में सवार चार लोग सुरक्षित बच गए।जानकारी के अनुसार आगरा गल्ला मंडी निवासी विवेक कुमार तिवारी कार से मोहम्मदी टूंडला से अपने घर लौट रहे थे। कुबेरपुर चौराहे पर उन्हें एक व्यक्ति को कार में बैठाना था, जिसके चलते उन्होंने वाहन सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने अनियंत्रित होकर कार में टक्कर मार दी।हादसे के समय कार में विवेक कुमार तिवारी के साथ एक महिला और दो अन्य लोग मौजूद थे। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही छलेसर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।