
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। शारदीय नवरात्र के पहले दिन संग्रामपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कालिकन धाम में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने मां की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।नवरात्र के अवसर पर कई स्थानों पर कन्या पूजन भी हुआ। छोटी बच्चियों को देवी स्वरूप मानकर पूजन किया गया और भोजन कराने के साथ उपहार दिए गए। महिलाओं ने श्रृंगार सामग्री भी वितरित की। मां के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।कालिकन धाम के पीठाधीश्वर श्री महाराज ने नवरात्र में कलश स्थापना के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कलश स्थापना से पहले स्थान को गंगाजल से पवित्र कर विधि-विधान से पूजा करनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक पूजन सामग्री और उचित स्थान का ध्यान रखना चाहिए। श्रद्धालुओं ने मां से सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।