news-details

कानपुर में दिनेश शर्मा का विपक्ष पर तीखा हमला

You can share this post!

पारदर्शी विकास ब्यूरो
कानपुर। पूर्व डिप्टी सीएम एवं राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा रविवार सुबह गोविंदनगर पहुंचे, जहां उन्होंने एक प्रतिष्ठान के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उनके साथ एमएलसी अरुण पाठक और भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री सुरेश अवस्थी भी मौजूद रहे। इस दौरान दिनेश शर्मा ने वंदे मातरम, परिवारवाद, नेताओं की सुरक्षा और जयंत चौधरी को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए।दिनेश शर्मा ने कांग्रेस द्वारा वंदे मातरम के दो छंद गाने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले कांग्रेस का इतिहास गौरवशाली रहा, लेकिन आजादी के बाद उसका स्वरूप बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के इतिहास में वंदे मातरम के विरोध का अध्याय काले अक्षरों में लिखा जाएगा।अखिलेश यादव के भाजपा को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए शर्मा ने कहा कि उनके लिए भाजपा का अर्थ “भारत जान से प्यारा” है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों का समर्थन किया।परिवारवाद के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि दोनों दल परिवार की राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं और इसी कारण पतन की ओर बढ़ रहे हैं।नेताओं की सुरक्षा और बुलेटप्रूफ जैकेट के मुद्दे पर शर्मा ने कहा कि सुरक्षा का आकलन खतरे के आधार पर होता है, इसमें किसी राजनीतिक दल या जाति को नहीं देखा जाता। वहीं जयंत चौधरी को कथित रूप से “चवन्नी” कहे जाने पर उन्होंने इसे जाट समाज का अपमान बताया और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।