news-details

कानपुर सेंट्रल पर फर्जी रेलवे अफसर गिरफ्तार

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रेलवे विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुद को रेलवे अधिकारी बताकर यात्रियों को धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है, जो शुक्रवार रात शिवगंगा एक्सप्रेस में सफर कर रहा था।
बताया गया कि आरोपी ट्रेन में खुद को रेलवे का अधिकारी बताकर यात्रियों पर रौब झाड़ रहा था। उसने कई यात्रियों को सीट और यात्रा को लेकर हड़काया भी। उसकी हरकतों से परेशान यात्रियों ने इसकी शिकायत रेलवे अधिकारियों से कर दी, जिसके बाद विजिलेंस टीम सक्रिय हो गई।
जैसे ही शिवगंगा एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची, पहले से अलर्ट विजिलेंस टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रेलवे के कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए। इनमें नकली आईकार्ड, ड्यूटी पास, सुविधा पास और अन्य कागजात शामिल हैं। इसके अलावा उसके पास से हजारों रुपये नकद भी मिले हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के सहारे लंबे समय से लोगों को गुमराह कर रहा था। वह खुद को अधिकारी बताकर मुफ्त यात्रा करने के साथ लोगों पर दबाव भी बनाता था। आशंका जताई जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
रेलवे विजिलेंस और जीआरपी अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या पुलिस को दें।