news-details

कांशीराम के मिशन पर बसपा का संकल्प : मायावती

You can share this post!

 

संजीव भारती
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ।  बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रहीं मायावती ने शनिवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बसपा कभी भी धरना, प्रदर्शन, सड़क जाम, हिंसक गतिविधियों या द्वेषपूर्ण प्रचार की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि संविधान और सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय की नीति पर चलते हुए समाज के गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और अन्य वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करती रही है।मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा के नेतृत्व वाली सरकार ने कानून-व्यवस्था, जनकल्याण और विकास के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही विरोधी दल अपने राजनीतिक हित साधने के लिए दलित संगठनों और समाज के लोगों को भ्रमित करने तथा बसपा के जनाधार को कमजोर करने की कोशिश में जुट जाते हैं।उन्होंने कहा कि बसपा का उद्देश्य सत्ता प्राप्त कर डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले, श्री नारायण गुरु, छत्रपति शाहूजी महाराज और अन्य महापुरुषों के विचारों के अनुरूप सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक उत्थान सुनिश्चित करना है। उन्होंने दावा किया कि बसपा की सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के हित में काम किया और न्याय दिलाने का प्रयास किया।मायावती ने सहारनपुर कांड का भी उल्लेख करते हुए कहा कि बसपा ने दलितों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाई थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे विरोधियों की कथित साजिशों और भ्रामक प्रचार से सतर्क रहें तथा बसपा के मिशन और संगठन को मजबूत बनाने में जुटे रहें।अंत में मायावती ने कहा कि बसपा का लक्ष्य संविधान की भावना के अनुरूप सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान पर आधारित व्यवस्था स्थापित करना है तथा पार्टी अपने मिशन-2027 को लेकर पूरी मजबूती से आगे बढ़ रही है।