
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। किसानों को कृषि यंत्रों और विभिन्न परियोजनाओं पर अनुदान का लाभ दिलाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया 7 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। किसान 20 अक्टूबर की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, किसान ड्रोन सहित विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत कृषि यंत्र, कस्टम हायरिंग सेंटर और एग्रीगेटर के लिए भी आवेदन होंगे। इसके अलावा मक्का विकास कार्यक्रम, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, कीट रोग नियंत्रण, फसल विविधीकरण और दलहन मिशन के तहत विभिन्न यंत्रों व परियोजनाओं के लिए बुकिंग होगी। आवेदन के समय जमानत राशि ऑनलाइन जमा करनी होगी। 10,001 से एक लाख रुपये तक अनुदान वाले यंत्रों के लिए 2,500 रुपये और एक लाख रुपये से अधिक अनुदान वाले यंत्रों के लिए 5,000 रुपये जमानत राशि निर्धारित है। किसान विभागीय पोर्टल के किसान कॉर्नर में ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ लिंक से आवेदन कर सकते हैं।