
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान, जोन-तृतीय कानपुर द्वारा शनिवार को संस्थान परिसर में “कृषक चौपाल एवं प्रदर्शनी: किसान–वैज्ञानिक नवाचार संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सचिव एवं महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ अटारी कानपुर के निदेशक डॉ. राघवेन्द्र सिंह के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए अटारी कानपुर और इसके अधीन कृषि विज्ञान केन्द्रों की उपलब्धियों तथा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।इस अवसर पर पद्मश्री किसान चन्द्रशेखर सिंह, चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता और महिला उद्यमी नीलम त्यागी ने भी किसानों और कृषि क्षेत्र में नवाचारों की भूमिका पर अपने विचार रखे।मुख्य अतिथि डॉ. एम.एल. जाट ने कहा कि देशभर के कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिक और कर्मचारी किसानों की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र किसानों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक जानकारी और नए कृषि नवाचारों से जोड़कर उन्हें सशक्त बना रहे हैं।डॉ. जाट ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और कृषि विज्ञान केन्द्र इस दिशा में किसानों तक नई तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों को पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। कार्यक्रम में किसानों ने प्रदर्शनी के माध्यम से कृषि क्षेत्र की नवीन तकनीकों और नवाचारों की जानकारी भी प्राप्त की।