
PARDARSHI VIKASH NEWS पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में नया खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, पुणे पुलिस ने महाराष्ट्र के बीड से एक युवक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि यह युवक बालेवाड़ी की एक कंपनी में काम करता है और सिया गोयल या मुख्य आरोपी चेतन चौधरी में से किसी एक का करीबी दोस्त है। जांच एजेंसियों का दावा है कि हत्या की साजिश इस युवक के साथ साझा की गई थी। पुलिस उसे मामले में गवाह भी बना सकती है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने वारदात से पहले टीवी शो 'क्राइम पेट्रोल' के कई एपिसोड देखे थे, ताकि हत्या के बाद पुलिस जांच से बचने के तरीके समझ सकें। पुलिस का मानना है कि दोनों ने पहले से पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।18 जून को लोहगढ़ किले से गिरने के बाद 25 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर इसे हादसा माना गया, लेकिन जांच में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, केतन सिया और चेतन के रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।गुरुवार को पुलिस सिया गोयल को उसके पुणे स्थित घर और लुल्लानगर इलाके की उस पहाड़ी पर लेकर गई, जहां कथित तौर पर हत्या से पहले रिहर्सल की गई थी। इस दौरान पुलिस ने घटना के दिन पहने गए कपड़े और कई डिजिटल सबूत भी बरामद किए। घटनास्थल का पंचनामा भी तैयार किया गया।जांच में सामने आया है कि सिया और केतन की सगाई नवंबर 2025 में हुई थी और मई 2026 में दोनों का प्री-वेडिंग समारोह भी आयोजित हुआ था। पुलिस के अनुसार, 31 मई को सिया के मन में हत्या की योजना बनी। 14 जून को उसने पहली बार केतन को धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वह बच गया। इसके बाद 18 जून को सिया ने प्री-वेडिंग फोटोशूट का बहाना बनाकर केतन को फिर लोहगढ़ किले बुलाया, जहां चेतन चौधरी के साथ मिलकर उसे कथित रूप से पहाड़ी से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।