
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सेन पश्चिमपारा स्थित करौली शंकर धाम में इलाज करा रहे एक फैक्ट्री कर्मी की बुधवार देर रात तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान बलिया जिले के हजौली टेकारी गड़वाड निवासी 50 वर्षीय जयनाथ प्रजापति के रूप में हुई है। वह एक फैक्ट्री में काम करते थे। परिवार में पत्नी सुनीता, बेटा अंकित और बेटी प्रीति हैं।पत्नी सुनीता ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले जयनाथ का सड़क हादसा हुआ था, जिसके बाद से उनकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी। जांच में उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और शुगर की बीमारी होने की पुष्टि हुई थी। इसी कारण वह करौली शंकर धाम में इलाज कराने की इच्छा जता रहे थे।परिजन 27 जून को जयनाथ को लेकर कानपुर पहुंचे थे। यहां उनकी तबीयत बिगड़ने पर पहले कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अगले दिन हालत में सुधार होने पर वह आश्रम में रहकर इलाज कराने की जिद करने लगे। इसके बाद आश्रम के पास किराए का मकान लेकर उनका उपचार शुरू कराया गया।परिजनों के मुताबिक पिछले दो दिनों से आश्रम में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार देर रात अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर आश्रम के कर्मचारियों ने पुलिस को जानकारी दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।