
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । गुरुवार को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। पहली पाली के लिए परीक्षार्थी सुबह से ही 12 परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे। केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखी गईं। तलाशी, दस्तावेजों की जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता बरती।जिले के 12 केंद्रों पर कुल 23,040 अभ्यर्थी तीन दिनों तक इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। 4 जुलाई को केवल पहली पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी।सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है। परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध लागू रहा। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और काली बॉलपेन के साथ ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई।जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली गई थीं। अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के प्रत्येक चरण की निगरानी की जा रही है, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न हो सके। समय पर पहुंचने वाले अधिकांश अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश दिया गया और परीक्षा तय समय पर शुरू हुई।