news-details

खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर कबाड़ का अंबार

You can share this post!

 


पारदर्शी विकास न्यूज़  बांदा। नगर क्षेत्र स्थित खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय के मुख्य प्रवेश मार्ग पर पालिका ने अतिक्रमण में जब्त किया हुआ कबाड़ मलबा एवं अन्य सामान रखे जाने से कार्यालय आने वाले लोगों को पिछले कई दिनों से भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कार्यालय परिसर में आने-जाने का रास्ता बाधित होने के कारण आम नागरिकों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इस कार्यालय के अंतर्गत लगभग 28 प्राथमिक सरकारी विद्यालय तथा 160 निजी विद्यालय संचालित हैं। प्रतिदिन आधार कार्ड बनवाने, आधार संशोधन कराने तथा शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से प्रवेश मार्ग पर मलबा और अन्य सामान रखे होने के कारण लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों को मजबूरी में अवरोध को पार कर कार्यालय तक पहुंचना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही मार्ग को साफ नहीं कराया गया तो परेशानी और बढ़ सकती है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से आवागमन का रास्ता तत्काल सुचारु कराने की मांग की है। मामले में पक्ष जानने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष के पुत्र अंकित बासू से फोन एवं व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक न तो फोन रिसीव हुआ और न ही संदेश का कोई उत्तर प्राप्त हुआ। वहीं, नगर पालिका परिषद बांदा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा रखा गया सामान उनके अनुसार कार्यालय परिसर के भीतर रखा गया है। उनका कहना था कि यदि मुख्य मार्ग से आने-जाने में असुविधा हो रही है तो दूसरे गेट का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनज़र शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जब्त किया गया सामान अस्थायी रूप से वहां रखा गया है। ईओ ने यह भी कहा कि यदि किसी को इस व्यवस्था पर आपत्ति है तो वह सीधे उनसे शिकायत कर सकता है। उनके अनुसार, इस विषय में पत्रकारों के माध्यम से शिकायत किए जाने की आवश्यकता नहीं है।
समाचार स्थानीय लोगों की शिकायतों एवं संबंधित अधिकारी के पक्ष के आधार पर प्रकाशित किया गया है।