खानकाह कादरिया में अकीदत के साथ मनाया गया 14वां उर्स
पारदर्शी विकास न्यूज़ खड्डा। कुशीनगर के खड्डा स्थित खानकाह कादरिया बरकातिया रजविया में सूफी संत अल्लामा शाह सूफी मुहम्मद निजामुद्दीन कादरी बरकाती मुहद्दिस बस्तवी का 14वां वार्षिक उर्स-ए-निजामी 12 और 13 अक्टूबर को अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इसमें देश-विदेश से पहुंचे जायरीनों ने हिस्सा लिया और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।उर्स के कार्यक्रम साहिब सज्जादा अल्लामा शाह सूफी मुहम्मद हबीबुर्रहमान रिजवी के संरक्षण तथा मौलाना जिया-उल-मुस्तफा निजामी की देखरेख में संपन्न हुए। कार्यक्रम की शुरुआत फज्र की नमाज के बाद पवित्र कुरआन की तिलावत से हुई। इसके बाद फातिहा, दुआ और उलमा की तकरीरें आयोजित की गईं। वक्ताओं ने सूफी संत की धार्मिक एवं आध्यात्मिक शिक्षाओं पर प्रकाश डाला।ईशा की नमाज के बाद विशेष धार्मिक सम्मेलन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान खानकाह परिसर में आध्यात्मिक माहौल बना रहा। जायरीनों ने अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ की।समापन अवसर पर कुरआन की तिलावत, फातिहा और साहिब सज्जादा की दुआ के साथ धार्मिक रस्में पूरी की गईं। खानकाह निजामिया में बुजुर्गों और परिजनों के लिए भी फातिहा पढ़ी गई। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।