
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में 20 अगस्त की रात हुई गोली चलने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घायल गोपाल दूबे ने अपने साथियों सत्यम तिवारी और सूरज यादव के साथ मिलकर खुद को गोली मारने और पैर में सूजा घोंपने के बाद पुरानी रंजिश के चलते दो लोगों को हत्या के प्रयास के मुकदमे में फंसाने की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और सूजा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत कप्तानगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। 20 अगस्त की रात करीब 10 बजे सीएचसी कप्तानगंज से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक गोली लगने के बाद अस्पताल पहुंचा है। मौके पर पहुंची पुलिस को घायल गोपाल दूबे के परिजनों ने बताया कि दो लोगों ने उस पर जानलेवा हमला किया है। इसके बाद उसके पिता अमित कुमार दूबे की तहरीर पर सदानंद राय, राजेश्वर यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों में विरोधाभास मिला। गहन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर कथित हमला पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा सामने आया। पुलिस के मुताबिक गोपाल दूबे ने सत्यम तिवारी और सूरज यादव के साथ मिलकर साजिश रची थी। आरोप है कि गोपाल दूबे ने स्वयं अपने पैर में सूजा धंसाया और अवैध पिस्टल से जमीन पर फायर किया, ताकि घटना को विपक्षियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले का रूप दिया जा सके। पुलिस का कहना है कि तीनों ने मिलकर झूठे साक्ष्य तैयार किए और निर्दोष लोगों को हत्या के प्रयास के मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया। जांच के बाद मुकदमे में पहले लगाई गई धारा 109 बीएनएस को संशोधित करते हुए धारा 238(1), 248(1), 61(2), 3(5) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने गोपाल दूबे उर्फ गोपाल कृष्ण दूबे निवासी सोहनी, थाना कप्तानगंज, सत्यम तिवारी निवासी सुभाष चौक, कस्बा कप्तानगंज और सूरज यादव निवासी गजरा, थाना कप्तानगंज को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों की उम्र करीब 25, 25 और 22 वर्ष है। बरामदगी में .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी57बीके9501 और एक सूजा शामिल है। पुलिस के मुताबिक गोपाल दूबे के खिलाफ पहले से कप्तानगंज थाने सहित अन्य स्थानों पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह गुण्डा, जिला बदर तथा हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं सूरज यादव के खिलाफ भी वर्ष 2022 में कप्तानगंज थाने में मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज रहा है। घटना के खुलासे और गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक अजीत कुमार, कुलदीप मौर्य, आकाश गिरी, विवेक कुमार पांडेय, फील्ड यूनिट प्रभारी श्री प्रकाश राय, उपनिरीक्षक दीपक प्रधान सहित कप्तानगंज थाना और फील्ड यूनिट के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।