
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी पट्टी सहित नगर पंचायत खड्डा, तुर्कहा, सिसवा गोपाल, सोहरौना, सिसवा मनीराज, लखुआ-लखुई, रामपुर गुनहा, गढ़िया बसंतपुर, बरवा रतनपुर, नौगांवा समेत कई गांवों में मुहर्रम के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) की याद में मातमी जुलूस पूरे अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया।जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और गमगीन माहौल में इमाम हुसैन (अ.स.) की शहादत को याद करते हुए उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की। विभिन्न गांवों से निकले ताजियों का निर्धारित स्थानों पर मिलान कराया गया, जहां फातिहा पढ़ी गई और अमन, सलामती व खुशहाली की दुआएं मांगी गईं।इस दौरान युवाओं ने पारंपरिक लाठी तथा अन्य हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन में अनुशासन, आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।मुहर्रम के आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए खड्डा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस प्रशासन ने पूरे जुलूस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी, जिससे कार्यक्रम सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। क्षेत्र में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।