news-details

लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर UPSSSC पहुंचे युवा

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से आए 50 से अधिक युवाओं ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) मुख्यालय पहुंचकर लाइब्रेरियन पदों पर भर्ती की मांग की। अभ्यर्थियों ने आयोग सचिव से मुलाकात कर ज्ञापन देने की मांग की और कहा कि वर्ष 2016 के बाद से लाइब्रेरियन की कोई भर्ती नहीं हुई है, जिससे पुस्तकालय विज्ञान की डिग्री लेने वाले युवा बेरोजगार घूम रहे हैं।प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना था कि प्रदेश में कई जगह पुस्तकालयों का संचालन ऐसे लोगों से कराया जा रहा है, जिनके पास लाइब्रेरी साइंस की डिग्री नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि या तो लाइब्रेरियन की नई वैकेंसी जारी की जाए या फिर इस कोर्स को बंद कर दिया जाए, ताकि भविष्य के छात्र भ्रमित न हों।झांसी से आए संजय जैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश सार्वजनिक पुस्तकालय अधिनियम-2006 लागू होने के बावजूद उसका सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशिक्षित युवाओं को अवसर नहीं मिल रहे हैं और पुस्तकालय व्यवस्था भी कमजोर हो रही है।दिल्ली से आए गौरव राणा ने कहा कि उन्होंने PET सहित अन्य परीक्षाएं दी हैं, लेकिन अब तक लाइब्रेरियन भर्ती का इंतजार खत्म नहीं हुआ। उनका आरोप है कि आयोग की ओर से कभी अधियाचन होने तो कभी न होने की बात कहकर युवाओं को भ्रमित किया जा रहा है।महाराजगंज से पहुंचे अमित कपूर चौधरी ने बताया कि अभ्यर्थी इससे पहले भी कई बार आयोग कार्यालय आ चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि 362 पदों की अधियाचना भेजे जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई।अभ्यर्थियों ने राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन का हवाला देते हुए कहा कि सार्वजनिक पुस्तकालयों के विकास और जिला पुस्तकालय प्राधिकरण के गठन की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने राजकीय जिला पुस्तकालयों और विद्यालयों में रिक्त पदों पर प्रशिक्षित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग की।प्रदर्शन में पूर्वांचल, अवध, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से आए युवा शामिल हुए। उन्होंने सरकार से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और पुस्तकालय व्यवस्था को आधुनिक डिजिटल संसाधनों से जोड़ने की मांग की।