
PARDARSHI VIKASH NEWS लुधियाना रेलवे स्टेशन पर वैष्णो देवी जा रही न्यू दिल्ली–श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन (04081) में शनिवार सुबह तकनीकी खराबी के चलते अफरातफरी मच गई। करीब 1200 यात्रियों से भरी ट्रेन के स्लीपर कोच S-2 के वॉशरूम हिस्से में अचानक तेज आवाज के साथ खराबी आने से डिब्बा कपलर से अलग हो गया।हादसे के बाद यात्रियों में डर और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि घटना ट्रेन के लुधियाना स्टेशन पर पहुंचने के तुरंत बाद हुई, जिससे किसी तरह की बड़ी दुर्घटना टल गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।रेलवे और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। ADCP समीर वर्मा ने बताया कि यह कोई धमाका नहीं था, बल्कि तकनीकी खराबी और वेल्डिंग फेलियर का मामला प्रतीत होता है। वहीं फिरोजपुर डिवीजन के DRM संजीव कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित कोच बदले जाएंगे।रेल प्रशासन के अनुसार, ट्रेन के दो डिब्बों को अलग कर आगे रवाना करने की तैयारी की गई है, जबकि शेष यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।