
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने मंगलवार को जानकीपुरम क्षेत्र में 1.45 करोड़ रुपये से अधिक की दो परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को सड़क, नाली और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।एलडीए की अवस्थापन निधि से होने वाले इन विकास कार्यों में गुडम्बा थाना के पीछे सेक्टर-एच में करीब 90.40 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क, नाली और पुलिया का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया जाएगा। वहीं रघुकुल कॉलोनी, जानकीपुरम प्रथम में लगभग 55.05 लाख रुपये की लागत से नई सीसी सड़क और नाली का निर्माण होगा।विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। मजबूत सड़क और बेहतर जल निकासी व्यवस्था से लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार अन्य योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जाएगा।कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, सतीश वर्मा, पूर्व पार्षद कैलाश यादव, पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार मौर्य, सौरभ तिवारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।