
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर निकायों के प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा पीस कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ताजियों की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिससे विद्युत लाइनों और अन्य संरचनाओं से किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। बैठक में जनप्रतिनिधियों और पीस कमेटी के सदस्यों ने साहबगंज चौराहे पर स्थित पीपल के पेड़ की टहनियों को सुरक्षित रखने के लिए बल्ली लगाने तथा नाला मच्छरट्टा के खुले नालों को ढकवाने की मांग उठाई, जिस पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को झूलते और नीचे लटक रहे तारों को दुरुस्त कराने तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं नगर निकायों को शहरी क्षेत्रों में व्यापक सफाई और नालों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक अनुमति और पर्याप्त पुलिस बल के बिना कोई जुलूस नहीं निकाला जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी से भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा, लेकिन नागरिकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।