news-details

मेले में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा

You can share this post!

pardarshi vikas news lalitpur 
कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.5 लाख रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, लाल मोतियों की माला व अन्य आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 362/2026 धारा 303(2), 317(2) बीएनएस से संबंधित कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में ग्यारस आदिवासी (21), अंगत सहरिया (24), अजय आदिवासी (20), शिव आदिवासी (22), रोहित सहरिया (करीब 20) एवं गिरजा (20) शामिल हैं। सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई के तहत न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा मोबाइल चोरी की घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा तीन टीमों का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह बनाकर भीड़भाड़ वाले स्थानों, विशेषकर मेलों व धार्मिक आयोजनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उर्स मेला व हनुमान जयंती के जुलूस में भी इन्होंने मोबाइल व आभूषण चोरी किए थे, जिन्हें बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने पकड़े गये बदमाशों के पास से विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन, पीली धातु के मोती व लॉकेट सहित लाल मोतियों की माला, 2 सफेद धातु के लॉकेट बरामद किये हैं। पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने किया। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।