
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के उजरामऊ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई कथित मारपीट के मामले में घायल दलित युवक श्यामवीर प्रताप सिंह उर्फ सोनू (35) की कानपुर के हैलेट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है।पुलिस के अनुसार, 18 जून की रात श्यामवीर गांव निवासी बादल के घर पर मौजूद थे, जहां वह काम करते थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव का सौरभ अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद श्यामवीर के साथ मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया, जिससे श्यामवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल को पहले सीएचसी राजेपुर, फिर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल और बाद में कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 25 जून की सुबह उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई उदय प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।