
पारदर्शी विकास न्यूज़ देवरिया। तरकुलवा क्षेत्र के बसंतपुर धूसी स्थित शहीद रामचंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज में मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन की मदद लेने की जानकारी दी।महिला कांस्टेबल कीर्ति शर्मा ने छात्राओं को सुरक्षा के विभिन्न उपाय बताते हुए कहा कि जागरूकता और सतर्कता से कई समस्याओं से बचा जा सकता है। पुलिस उपनिरीक्षक सुरेंद्र बहादुर सिंह, महिला कांस्टेबल कीर्ति शर्मा, अंकिता सिंह, जायत्री कुमारी और जितेंद्र कुमार ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाई।कार्यक्रम में 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित अन्य जरूरी सेवाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी और संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सावधान रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. स्वतंत्र यादव ने कहा कि पुलिस कर्मियों द्वारा दी गई जानकारी छात्राओं की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से सीखी गई बातों को व्यवहार में अपनाने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।